Press "Enter" to skip to content

jharkhand weather forecast heavy rain in 8 districts imd red alert झारखंड के 8 जिलों में होगी भारी बारिश, स्कूल रहेंगे बंद; IMD का रेड अलर्ट, Jharkhand Hindi News

Jharkhand Weather: भीषण गर्मी के प्रकोप के बाद अब झारखंड के मौसम पर बड़ा अपडेट सामने आया है। मौसम विभाग के अनुसार, जमशेदपुर समेत पूरे झारखंड में मानसून फैल चुका है। दो दिन से लगातार बारिश जारी है। बुधवार को गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में भी मानसून पहुंच गया। इसके असर से पूरे राज्य में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग, रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव झारखंड की ओर बढ़ रहा है। अगले 24 घंटे में यह झारखंड से होकर गुजरेगा, जिसके प्रभाव से रांची, खूंटी और रामगढ़ समेत आठ जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इसे लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कई जिलों में स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है। आइए जानते हैं पूरे झारखंड के मौसम का हाल।

इस दौरान 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा के साथ कहीं-कहीं वज्रपात भी होने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं छह जिलों के लिए ऑरेंज और बाकी 10 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के उत्तरी-पश्चिमी हिस्से और पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र में बना निम्न दबाव क्षेत्र अब और व्यापक होकर उत्तर-पश्चिम दिशा से होकर गुजर रहा है। यह अगले 24 घंटों के दौरान झारखंड से होकर गुजरेगा। इससे गुरुवार और शुक्रवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने का पूर्वानुमान है।

रांची में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद गुरुवार को जिले के सभी स्कूल बंद रहेंगे। डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने इससे संबंधित आदेश जारी कर दिया है। आदेश के अनुसार, 19 जून को जिले में संचालित सभी सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक समेत) और निजी स्कूलों में केजी से 12वीं तक की कक्षाएं नहीं चलेंगी। आदेश का पालन नहीं करने वाले स्कूलों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत कार्रवाई की जाएगी। मौसम विभाग ने रांची में 17 से 21 जून तक भारी बारिश की चेतावनी दी है और रेड अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में तेज हवा के साथ वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है।

ये भी पढ़ें:

झारखंड के इन 8 जिलों में होगी भारी बारिश, 40 किमी की रफ्तार से चलेगी हवा; IMD का रेड अलर्ट

दो दिन में औसत से 7% ज्यादा बारिश

मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते दो दिनों में भारी बारिश देखने को मिली है। इस दौरान झारखंड में झमाझम बारिश हुई है। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य में 24 घंटे के दौरान औसतन 50 मिमी बारिश हुई। एक जून से अब तक 80.4 मिमी बारिश हुई है, जबकि इस दौरान 74.9 मिमी औसत बारिश होती है। रांची, खूंटी, लोहरदगा, सरायकेला, धनबाद आदि में सौ मिमी से अधिक बारिश हुई।

Source link