दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक मौसम सुहाना बने रहने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 18 जून से 24 जून तक क्षेत्र में लगातार बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग ने दिल्ली में 19 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक इस दिन भी शाम के वक्त हल्की बारिश हो सकती है।
गुजरात के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र 18 जून को राजस्थान के मध्य व उत्तरी क्षेत्रों के ऊपर अवस्थित है। बांग्लादेश पर बना कम दबाव का क्षेत्र तीव्र होकर सुस्पष्ट कम दाब बन गया है। साथ ही गंगीय पश्चिम बंगाल के ऊपर अवस्थित है। इसके आगामी दो-तीन दिन में धीरे-धीरे उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढने की संभावना है।
आईएमडी, मॉनसून की स्थिति पर
हिमाचल प्रदेश : बारिश को लेकर अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश जारी है। मौसम विभाग ने शनिवार तक जनजातीय जिलों किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर 12 जिलों में से अधिकतर में गरज चमक के साथ बारिश के लिए एक और ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को सिरमौर और मंडी जिलों में भारी बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है।
शहर | अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस) | न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस) |
---|---|---|
दिल्ली | 36°C | 27°C |
मुंबई | 30°C | 25°C |
कोलकाता | 31°C | 26°C |
चेन्नई | 37°C | 27°C |
हैदराबाद | 35°C | 25°C |
जयपुर | 38°C | 29°C |
अहमदाबाद | 41°C | 30°C |
चंडीगढ़ | 34°C | 26°C |
लखनऊ | 34°C | 25°C |
पटना | 34°C | 29°C |
राजस्थान : मॉनसून ने समय से पहले दी दस्तक
राज्य के अनेक भागों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।प्रवक्ता ने बताया कि अगले दो दिन में मानसून के राज्य के अन्य हिस्सों में आगे बढ़ने की उम्मीद है। आईएमडी के जयपुर केंद्र के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून आज 18 जून को सामान्य से सात दिन पहले राज्य के कुछ भागों में पहुच गया है और वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा राज्य के बाड़मेर, जोधपुर, जयपुर से होकर गुजर रही है।
इसके अनुसार आगामी दो से तीन दिन में राज्य के कुछ और भागों में मानसून के आगे बढ़ने की संभावना है। इससे 18 से 20 जून के दौरान जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा व उदयपुर संभाग में आंधी बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। वहीं, 20 जून से पूर्वी राजस्थान में बारिश की तीव्रता व क्षेत्र में और बढ़ोतरी होगी।
महाराष्ट्र : महाराष्ट्र में जारी रहेगी बारिश
मुंबई समेत महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में बारिश जारी है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने महाराष्ट्र के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, रत्नागिरी, पुणे, सतारा, कोल्हापुर, सिंधुदुर्ग जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश की संभावना है।
पश्चिम बंगाल : मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह
पश्चिम बंगाल में मानसून दस्तक दे चुका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आईएमडी ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल में गंगा नदी के आसपास के इलाकों के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना है, जो पश्चिम-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ सकता है और अधिक प्रभावी हो सकता है। मछुआरों को 19 जून तक पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटों के साथ-साथ उत्तरी बंगाल की खाड़ी में समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। राज्य के उत्तरी जिले में गुरुवार को बारिश होने का अनुमान है।